उत्तराखंड

CM ने राज्य आंदोलनकारी सुशीला बलूनी के निधन पर जताया शोक

Gulabi Jagat
10 May 2023 11:33 AM GMT
CM ने राज्य आंदोलनकारी सुशीला बलूनी के निधन पर जताया शोक
x
उत्तराखण्ड के लिए दुःखद ख़बर है। बीते दिन मंलगवार को उत्तराखण्ड निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने वाली प्रसिद्ध राज्य आंदोलनकारी व महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीला बलूनी (84 वर्षीय) का निधन हो गया है। वे बीते काफी समय से बीमार चल रही थीं। मंगलवार शाम छह बजे घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले गए थे। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुशीला बलूनी पिछले तीन साल से अस्वस्थ चल रही थीं। परिजनों के मुताबिक पिछले साल जुलाई में उन्हें हार्ट संबंधी समस्या के चलते स्टंट डला था। बलूनी के तीन पुत्र विनय बलूनी, संजय बलूनी और विजय बलूनी और एक बेटी शशि बहुगुणा है। गौर हो कि उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में सुशीला बलूनी ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्हें बीजेपी सरकार में विभिन्न दायित्व भी मिले। वह उत्तराखण्ड आंदोलनकारी सम्मान परिषद की अध्यक्ष और उत्तराखण्ड महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं। उनकी छवि एक जुझारू, संघर्षशील और ईमानदार महिला नेत्री के रूप में रही। उन्हें उत्तराखण्ड में सुशीला ताई या सुशीला दीदी के नाम से भी जाना जाता रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी तथा उत्तराखण्ड महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीला बलूनी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है। सीएम ने कहा कि पृथक उत्तराखण्ड के निर्माण में सुशीला बलूनी के योगदान को सदैव याद रखा जायेगा।
Next Story