उत्तराखंड

मधुमेह से जंग में बच्चों का हौसला बुलंद, हरिद्वार में जागरूकता अभियान

Admindelhi1
23 Nov 2026 10:56 AM IST
मधुमेह से जंग में बच्चों का हौसला बुलंद, हरिद्वार में जागरूकता अभियान
x
मधुमेह नहीं रोक सकता सपनों की उड़ान, बच्चों ने दिया प्रेरक संदेश

हरिद्वार: अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम, कनखल में मधुमेह जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मधुमेह से प्रभावित बच्चों और युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए संदेश दिया कि मधुमेह उनके सपनों और क्षमताओं को सीमित नहीं कर सकता।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने मधुमेह से संबंधित चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए आश्रम की पहल की सराहना की।

रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले केवल तीन बच्चों के साथ मधुमेह क्लब की शुरुआत हुई थी। आज इससे 180 बच्चे और युवा जुड़े हैं। क्लब का उद्देश्य उपचार के साथ सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास विकसित करना है।

कार्यक्रम में पांच से 25 वर्ष तक के बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इस दौरान 25 वर्षीय अधिवक्ता एवं नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने बताया कि बचपन में मधुमेह के कारण वह निराश रहते थे, लेकिन क्लब से मिली प्रेरणा ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।

रामकृष्ण मिशन राजकोट से आए स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने प्रेरक कहानी सुनाकर बच्चों को आत्मबल के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन मयंक ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्मृति चिह्न, पुस्तकें और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

Next Story