उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसखंड कॉरिडोर सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम में तेजी लाने का दिया निर्देश

Admin Delhi 1
26 Sep 2022 1:29 PM GMT
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसखंड कॉरिडोर सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम में तेजी लाने का दिया निर्देश
x

देहरादून न्यूज़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में लोक निर्माण विभाग, एनएच और बीआरओ के प्रदेश में निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मानसखंड कॉरिडोर को राज्य सरकार का फ्लैगशिप कार्यक्रम बताते हुए इसमें प्रस्तावित कामों में तेजी लाने के निर्देश दिये। कहा कि, बजरंग सेतु को तय समय सीमा दिसंबर 2022 तक पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। कहा कि जो भी निर्णय लेने हैं, उन पर बैठक में अंतिम रूप से तय कर लिया जाए। बैठकों का आउटपुट दिखना चाहिए।

डार्क स्पॉट का सर्वेक्षण: मुख्यमंत्री ने कहा कि जितने भी पुल और फ्लाईओवर हैं, वहां गति सीमा के बोर्ड लगाए जाएं। वहां ड्रैनेज की पूरी व्यवस्था हो। दुर्घटनाओं की दृष्टि से प्रदेश में डार्क स्पॉट का सर्वेक्षण कर जरूरी कदम उठाए जाएं। चारधाम यात्रा मार्ग और अन्य मार्गों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप क्रेश बैरियर में कुछ प्रगति हुई है, इसमें और तेजी लाई जाए। सड़कों के पैचवर्क का काम शीघ्रता से किया जाए।

लैंडस्लाइड जोन का ट्रीटमेंट प्लान: लैंडस्लाइड जोन के ट्रीटमेंट प्लान पर सीएम ने गंभीरता से काम करने के निर्देश देते कहा कि जहां तक संभव हो, आपदा प्रबंधन के मिटीगेशन फंड से प्रस्ताव बनाया जाए। वर्षाकाल में मलबा आने वाले स्थानों का स्थायी समाधान हो।

गढ़वाल-कुमाऊं कनेक्टिविटी: सीएम ने कहा कि गढ़वाल-कुमाऊं कनेक्टिविटी के लिए ज्योलिकोट से कर्णप्रयाग मार्ग में तेजी लाई जाए। कैंचीधाम में बाईपास निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। शहरों में सड़कों की स्थिति के बारे में शहरी विकास, आवास और लोक निर्माण विभाग की बैठक आयोजित कर ली जाए। काम की गुणवत्ता भी सुनिश्चित हो और सरलीकरण भी हो। बेस्ट प्रेक्टीसेज को प्रयोग में लाया जाए। बैठक में बताया गया कि निर्माण कार्यो की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एसओपी निर्गत की जा रही है। मोबाइल लैब की व्यवस्था की कार्यवाही गतिमान है। ऑनलाइन एनआईएस लागू की गई है। ई-ऑफिस से पत्रावलियो का निस्तारण किया जा रहा है। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम सहित लोक निर्माण विभाग, एनएच, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story