उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार को दिया सुरक्षा का भरोसा

Admindelhi1
25 Oct 2026 12:11 PM IST
मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार को दिया सुरक्षा का भरोसा
x
कथित वायरल ऑडियो मामले में धामी ने अधिकारियों से लिया संज्ञान

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो प्रकरण का संज्ञान लेते हुए शनिवार को पीड़ित बालकराम की बेटी दीक्षा से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने परिवार को हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने दीक्षा से बातचीत के दौरान पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित ऑडियो को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि उसमें चमन सिंह ने बालकराम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ धमकी दी है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में सीधे पीड़ित परिवार से संवाद कर सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया है। हालांकि, कथित ऑडियो में कही गई बातों और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Next Story