उत्तराखंड

नए ट्रांजिट कैंप से संचालित की जाएगी चारधाम यात्रा

Admin Delhi 1
1 April 2023 11:40 AM GMT
नए ट्रांजिट कैंप से संचालित की जाएगी चारधाम यात्रा
x

ऋषिकेश: गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2023 में चारधाम यात्रा का संचालन ऋषिकेश के नए ट्रांजिट कैंप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा की शुरू गई है।

यह जानकारी शनिवार को गढ़वाल आयुक्त ने सुशील कुमार ने ऋषिकेश में बनाए जा रहे ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 10 अप्रैल तक नए ट्रांजिट कैंप में शेष बचे सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। इस वर्ष से यात्रियों को एक ही छत के नीचे यात्रा संबंधी सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि नए ट्रांजिट कैंप में 150 छोटे वाहनों और 60 बसों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है। यहीं पर यात्रियों के पंजीकरण से लेकर स्वास्थ्य और रहने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम को यात्राकाल के दौरान मांगे गए बजट के अनुसार धनराशि आवंटित कर दी जाएगी। इस बार उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा को चैलेंज के रूप में स्वीकार किया है, जिसके चलते सभी धामों में यात्रियों की सुविधा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। यहां तक की हेली सेवा भी पर्याप्त मात्रा में रहेगी। उन्होंने बताया कि सड़कों के रखरखाव के लिए बीआरओ के साथ एनएच ,पीडब्ल्यूडी से संपर्क साधा गया है जो युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में साफ सफाई सुरक्षा उपायों के साथ घोड़े खच्चरों के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है और यात्रा मार्ग पर डेंजर जोन पर सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मार्ग बंद होने की स्थिति में मार्गों के किनारे बुल्डोजर ,जेसीबी, पोकलेन मशीनों को भी रखे जाने की व्यवस्था की गई है। डंपिंग जोनों का समतलीकरण कर उनका उपयोग दिन में भारी वाहनों की पार्किंग के लिए किया जाना सुनिश्चित किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाए जाने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

ऋषिकेश के यात्रा ट्रांजिट कैंप में चारधाम यात्रा केंद्र का संचालन संभागीय परिवहन अधिकारी के नियंत्रण में रहेगा। गढ़वाल आयुक्त के निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वारियाल, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक योगेंद्र गंगवार, एआरटीओ अरविंद पांडे, बीआरओ के अभियंता जसवीर सिंह, उप जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, नगर निगम आयुक्त राहुल कुमार गोयल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Next Story