Champawat: युवक पेड़ से लटका मिला, पुलिस ने शुरू की जांच

चंपावत: चंपावत के नघान गांव में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को ग्रामीणों ने 38 वर्षीय मनोहर जोशी पुत्र ईश्वरी दत्त जोशी का शव उनके घर से लगभग 150 मीटर दूर एक पेड़ से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली चंपावत के कोतवाल बी.एस. बिष्ट अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक मनोहर जोशी पेशे से राजमिस्त्री थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 15 और 19 वर्ष है।
कोतवाल बी.एस. बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।





