उत्तराखंड

Champawat: शारदा नदी में बढ़ा जलस्तर, निचले इलाकों के लिए अलर्ट जारी

Admindelhi1
21 July 2026 7:25 PM IST
Champawat: शारदा नदी में बढ़ा जलस्तर, निचले इलाकों के लिए अलर्ट जारी
x
उत्तराखंड में बारिश का असर, बनबसा बैराज पर बढ़ी निगरानी

चम्पावत: कुमाऊं क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बनबसा शारदा बैराज पर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। एहतियात के तौर पर बैराज क्षेत्र में वाहनों और आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शारदा नदी में पानी की आवक बढ़ी है। बढ़ते जलदबाव को नियंत्रित करने के लिए बनबसा शारदा बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

सहायक अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा आगामी चार दिनों के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में शारदा नदी के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए निचले जिलों और संबंधित प्रशासनिक इकाइयों को पहले ही सूचना दे दी गई है, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में बैराज पर जलप्रवाह सामान्य से काफी अधिक है, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। सिंचाई विभाग के इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से नदी और नालों के समीप नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Next Story