उत्तराखंड

Champawat: पूर्णागिरि मेले में रेस्क्यू ऑपरेशन सफल

Admindelhi1
11 May 2026 1:56 PM IST
Champawat: पूर्णागिरि मेले में रेस्क्यू ऑपरेशन सफल
x

चंपावत: मां पूर्णागिरि मेले के दौरान शारदा घाट पर बड़ा हादसा टल गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए एक किशोर और किशोरी को जल पुलिस एवं स्थानीय तैराकों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार बरेली निवासी 17 वर्षीय विनय और 15 वर्षीय कुमकुम परिवार के साथ पूर्णागिरि मेले में पहुंचे थे। सोमवार को दोनों शारदा घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी की ओर बहने लगे। घाट पर तैनात जल पुलिस टीम ने स्थिति को भांपते ही तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जल पुलिस कर्मियों, गोताखोरों और स्थानीय तैराकों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच में दोनों पूरी तरह सुरक्षित पाए गए, जिसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस के राकेश गिरी, हेड कांस्टेबल कपूर राणा, आरक्षी दीप चंद्र, मुकेश कुमार, मनोज राणा, गोताखोर रविन्द्र कुमार, पीआरडी जवान सूरज शर्मा और स्थानीय तैराक योगेश कुमार की अहम भूमिका रही। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू की घाट पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

Next Story