उत्तराखंड

Champawat: चम्पावत में ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी मात्रा में भांग की खेती नष्ट

Admindelhi1
15 May 2026 5:59 PM IST
Champawat: चम्पावत में ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी मात्रा में भांग की खेती नष्ट
x
"अवैध खेती के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता"

चंपावत: नशा उन्मूलन अभियान के तहत पाटी क्षेत्र में पुलिस और संबंधित विभागों ने अवैध मादक पदार्थों की खेती पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कड़ा संदेश दिया है। थाना पाटी क्षेत्र के ग्राम बैरक और भैसर्ग में वन विभाग एवं आबकारी विभाग के सहयोग से चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान करीब 230 नाली भूमि पर फैली अवैध भांग की खेती को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई। अभियान का मकसद क्षेत्र में नशे की अवैध खेती और उससे जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाना तथा समाज में इसके दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।

थानाध्यक्ष पाटी रमेश चंद्र बेलवाल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर उगाई गई भांग की फसल को उखाड़कर नष्ट किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीवान बिष्ट, आबकारी उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह राणा, फॉरेस्ट गार्ड हर्षवर्धन गढ़िया, अपर उपनिरीक्षक अनंत राम राणा सहित थाना पुलिस, वन विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट संदेश दिया कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को इसके सामाजिक और कानूनी परिणामों के प्रति आगाह करते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Next Story