Champawat: टनकपुर में बड़ी भर्ती, 4878 पदों पर नियुक्ति

चंपावत: उत्तराखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) के अवसर पर टनकपुर में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला शनिवार, 8 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय टनकपुर परिसर में होगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित इस मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने बताया कि रोजगार मेले में 27 राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां भाग लेंगी। ये कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में कुल 4878 पदों पर नियुक्तियां करेंगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित यह मेला युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यतानुसार क्षेत्र चुनकर प्रदेश के विकास में योगदान देने और इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
पंत ने प्रतिभागियों को सलाह दी कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के मूल दस्तावेज, आधार कार्ड, नवीनतम बायोडाटा और पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ समय पर उपस्थित हों। उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा।





