सीसीटीवी में भागते दिखे संदिग्ध युवक, घायल मिला बाइक सवार

हरिद्वार: धनौरी चौकी क्षेत्र के जस्सावाला गांव में देर रात बाइक सवार युवक के घायल अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक गिरने के बाद दो युवक मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों ने भाग रहे युवकों पर गोली चलाने का आरोप भी लगाया है।
जानकारी के अनुसार देर रात एक युवक बाइक से गांव से गुजर रहा था। पोल के पास अचानक बाइक गिरने के बाद युवक घायल होकर सड़क पर पड़ा दिखाई दिया। इसी दौरान दो युवक उसकी ओर जाते नजर आए, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों वहां से दूसरी दिशा में भागते दिखाई दिए। पास लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना का यह हिस्सा कैद हो गया।
फुटेज में भाग रहे एक युवक के हाथ में तमंचानुमा हथियार दिखाई देने की बात कही जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की वास्तविक स्थिति पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





