
दफौट क्षेत्र के सिमतोली गांव में हुए कार हादसे में तीन लोगों की मौत से गांव में मातम छाया है। घटना के बाद गांव के कई महिला-पुरुष जिला अस्पताल पहुंच गए वहीं कुछ ग्रामीण परिजनों को घर में ही संभाल रहे हैं। सुबह जैसे ही घटना की सूचना मिली गांव से लेकर जिला अस्पताल तक रोने व चीखने की आवाजें सुनाई देने लगीं।
सुबह होते ही दफौट क्षेत्र के गांवों में घटना की सूचना मिली तो ग्रामीण जिला अस्पताल की ओर दौड़े। कुछ देर में जिला अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अस्पताल में भी महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार मची रही। मुख्य गेट के पास भी महिलाएं शोक में बैठी देखी गई। कई महिलाएं बेहोश भी हो गईं। शवों के पोस्टमार्टम के बाद जब महिलाओं को घर भेजा जाने लगा तो वाहन में भी महिलाओं की चीख-पुकार सुनाई देती रही। हर तरफ माहौल गमगीन नजर आया।
घर का इकलौता बेटा था विजय तो सुनील की विधवा मां का छिना सहारा
गुरुवार सुबह पुलिस लाइन के समीप हुई कार दुर्घटना में तीन घरों के चिराग बुझे हैं। मृतक विजय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी तथा वह भी पिता के साथ मजदूरी करता था। वहीं सुनील के पास अपनी विधवा मां समेत दिव्यांग भाई के पालन पोषण की जिम्मेदारी थी।
सिमतोली के ग्राम प्रधान ने बताया कि कार रोहित दफौटी के पिता ने खरीदी थी। वह बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने कुछ समय पूर्व कार ली थी जो कि गुरुवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतक रोहित चार भाइयों में अकेला बेटा था।
वहीं मृतक सुनील के पिता सुरेश सिंह का पूर्व में निधन हो चुका है। उसकी विधवा मां सरूली देवी घर में रहती हैं तथा उसका एक भाई दिव्यांग है। जिनके पालन पोषण की जिम्मेदारी सुनील के उपर थी। वहीं विजय के पिता सुरेश सिंह मजदूरी करते हैं। विजय इकलौती संतान थी। कभी कभार वह भी मजदूरी कर परिवार के भरण पोषण में हाथ बंटाता था। घटना के बाद से सभी परिवारों के उपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना पाकर परिजन भी यहां पहुंच चुके हैं।
घायल मनोज को किया हायर सेंटर रेफर
बागेश्वर। कार दुर्घटना में घायल मनोज सिंह को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। उसे लेकर परिजन बरेली रवाना हो गए हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि चिकित्सकों की सलाह पर मनोज सिंह को हायर सेंटर ले जा रहे हैं बताया कि परिजनों ने मनोज को राममूर्ति अस्पताल बरेली ले जाने का निर्णय लिया है।
न्यूज़ क्रेडिट: amritvichar