उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान, विजिलेंस को कार्रवाई की पूरी छूट

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि इसमें शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सतर्कता विभाग को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।
प्रदेश सरकार के अनुसार, रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार नगर निगम भूमि घोटाले सहित कई मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कदम उठाए गए हैं।
भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए नागरिकों को 1064 ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। शिकायतों की जांच के आधार पर विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है। मुख्यमंत्री ने सतर्कता विभाग को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने और न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी जोर दिया है।
सीएम धामी ने आम नागरिकों से रिश्वतखोरी और पद के दुरुपयोग की शिकायत निर्भीक होकर दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।





