उत्तराखंड

पेचकस से किए ताबड़तोड़ वार, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की निर्मम हत्या

nidhi
8 Oct 2026 9:45 AM IST
पेचकस से किए ताबड़तोड़ वार, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की निर्मम हत्या
x
बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की निर्मम हत्या
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हुए तिहरे हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में तीनों मृतकों के शरीर पर कुल 30 से अधिक गहरे घाव मिले हैं। इनमें कई घाव करीब चार इंच तक गहरे बताए गए हैं। पोस्टमार्टम में अत्यधिक रक्तस्राव और शरीर पर लगी कई गंभीर चोटों को मौत का कारण माना गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार, 6 अक्टूबर को विष्णुलोक कॉलोनी में रहने वाले 80 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 48 वर्षीय घरेलू सहायिका तिलया देवी उर्फ शीला की हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद बुधवार को तीनों शवों का कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों को तीनों के सीने और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर पेचकस से किए गए वार के निशान मिले। सबसे अधिक चोटें रमेश कपूर के शरीर पर पाई गईं।
300 रुपये के विवाद में हुई थी हत्या
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी राजकुमार प्लंबर का काम करता था। वह पहले भी रमेश कपूर के घर मरम्मत करने आता था। घटना वाले दिन उसे घर में प्लंबिंग का काम करने के लिए बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार, काम पूरा होने के बाद मजदूरी को लेकर विवाद हो गया। आरोपी ने 600 रुपये मांगे थे, जबकि उसे 300 रुपये दिए जा रहे थे। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में राजकुमार ने पेचकस से रमेश कपूर पर हमला कर दिया। जब उनकी पत्नी रजनी कपूर ने पति को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें भी निशाना बनाया।
बचाने पहुंची घरेलू सहायिका की भी हत्या
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर घरेलू सहायिका तिलया देवी उर्फ शीला मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बुजुर्ग दंपती को बचाने के लिए आरोपी का विरोध किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उन पर भी पेचकस से कई वार किए। पोस्टमार्टम के दौरान उनके पेट पर भी गहरा घाव पाया गया। इस हमले में तीनों की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद की है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से देहरादून में प्लंबिंग का काम कर रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच में जुटी पुलिस
एसपी देहात जया बलोनी के अनुसार, तीनों मृतकों का कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों का उल्लेख है। जांच टीमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अध्ययन कर रही हैं और पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई जारी है। देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस तिहरे हत्याकांड ने विष्णुलोक कॉलोनी के लोगों को झकझोर दिया है। महज 300 रुपये के लेनदेन के विवाद में तीन लोगों की हत्या के आरोप ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
Next Story