उत्तराखंड में देहदानियों को मिलेगा राजकीय सम्मान, धामी सरकार जल्द जारी करेगी आदेश

देहरादून: उत्तराखंड में मरणोपरांत देहदान करने वाले लोगों को राजकीय सम्मान देने की दिशा में सरकार ने पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहदानियों को राजकीय गार्ड ऑफ ऑनर देने के संबंध में जल्द शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार शाम दधीचि देहदान समिति, देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से उनके आवास स्थित कार्यालय में मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
समिति ने मांग की कि देहदान करने वाले व्यक्ति की पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज ले जाने से पहले अंतिम यात्रा के दौरान पुलिस की ओर से राजकीय गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाए। इसके अलावा मरणोपरांत अंगदान करने वालों को भी राजकीय सम्मान देने और उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस तथा गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोहों में सम्मानित करने का अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहदान मानवता के हित में किया गया बड़ा त्याग है। यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने देहदानियों की अंतिम इच्छा का सम्मान करने वाले परिवारों की भी सराहना की।
इस दौरान समिति ने दून अस्पताल चौक का नाम बदलकर 'दधीचि चौक' रखने की मांग भी उठाई। समिति के अनुसार, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज ने उसके प्रयासों से ओपीडी ब्लॉक की बाहरी दीवार को 'दधीचि दीवार' के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी है।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल, महासचिव नीरज पांडे और कोषाध्यक्ष के.के. अरोड़ा शामिल रहे।





