उत्तराखंड

हरिद्वार में भाजपा का चुनावी मंथन, तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:32 AM IST
हरिद्वार में भाजपा का चुनावी मंथन, तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प
x
भाजपा कार्यसमिति में चुनावी रोडमैप तैयार, विकास योजनाओं पर रहेगा जोर

हरिद्वार: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को हरिद्वार में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाने और विधानसभा चुनाव में '65 पार' का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में सफलता के लिए बूथ की मजबूती और जनता से सीधा संवाद जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन और कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और नकल विरोधी कानून को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया।

बैठक में विभिन्न सामाजिक वर्गों के सम्मेलन, युवा और महिला मोर्चा के कार्यक्रम तथा जन आशीर्वाद यात्रा आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।

राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दावा किया कि उत्तराखंड में केंद्र सरकार के सहयोग से ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने जमरानी, लखवाड़, किसाऊ और त्यूनी-प्लासू बांध परियोजनाओं का उल्लेख किया।

बंसल के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा में करीब 63 लाख श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग पांच हजार होमस्टे और 2200 स्टार्टअप संचालित हैं। साथ ही करीब 47 हजार स्वयं सहायता समूह महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों से जुड़े हैं।

उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों के लिए दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण का भी उल्लेख किया।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए बंसल ने कहा कि इनसे पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बंसल ने विपक्ष पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर संपर्क करने की अपील की।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ता अब इन प्रस्तावों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

Next Story