हरिद्वार में भाजपा का चुनावी मंथन, बूथ मजबूत करने पर जोर

हरिद्वार: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि भाजपा लगातार तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का संकल्प लेकर कार्यकर्ता बैठक से लौटेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि प्रदेश के लाखों भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया।
बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
कार्यसमिति के समापन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संबोधन प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर करीब तीन बजे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेतृत्व इस बैठक के माध्यम से मिशन-2027 की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।





