उत्तराखंड में चुनावी मोड में BJP, 25 दिसंबर से निकालेगी जन आशीर्वाद यात्रा

हरिद्वार: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने के साथ 25 दिसंबर से 9 जनवरी तक गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने का निर्णय लिया है।
शनिवार को हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा मौजूद रहे।
बैठक में बूथ स्तर से लेकर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में शक्ति केंद्र सम्मेलन होंगे। सभी जिलों और मंडलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कोर कमेटी की बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए बूथ विजय अभियान, बूथ सम्मेलन और विधानसभा स्तरीय सम्मेलन भी आयोजित होंगे।
पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों को कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में चुनावी सफलता के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक एकजुटता को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया।





