चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा ने राम माधव को सौंपी जिम्मेदारी

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी चुनावी तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता राम माधव को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने इस नियुक्ति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि राम माधव के व्यापक संगठनात्मक अनुभव और रणनीतिक कौशल का लाभ प्रदेश भाजपा को मिलेगा।
अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राम माधव के मार्गदर्शन में प्रदेश में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है। उनके अनुभव से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के अभियान को गति देने में मदद मिलेगी।
प्रदेश भाजपा ने प्रदेश सह प्रभारी के तौर पर सांसद बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को जिम्मेदारी दिए जाने का भी स्वागत किया है। पार्टी ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मीडिया कम्युनिकेशन विभाग का कॉर्डिनेटर बनाए जाने पर भी बधाई दी है।
भाजपा नेतृत्व की ओर से नई जिम्मेदारियों की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब राज्य में पार्टी संगठन चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के रणनीतिक नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगामी चुनाव में लगातार तीसरी जीत हासिल करने की उम्मीद जताई।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रदेश भाजपा ने राम माधव सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल की कामना की है।





