उत्तराखंड

भवाली को मिलेगी नये साल में जाम से निजात

Admin Delhi 1
10 Dec 2022 2:39 PM GMT
भवाली को मिलेगी नये साल में जाम से निजात
x

भवाली: नए साल में भवाली नगर को नयी सौगात मिलने जा रही है। नगर में जाम की मुख्य समस्या थी। जो नए साल में खत्म होने जा रही है। बता दें कि स्थानीय और पर्यटकों को भवाली मुख्य बाजार, नैनीताल रोड और भीमताल रोड में सबसे ज्यादा जाम से परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को जाम से जूझना नहीं पड़े, इसके लिए बाईपास मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। जो लगभग पूरा हो गया है। जल्द इस मार्ग में बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही चालू कर दी जाएगी। लोनिवि अधिकारियों कि माने तो सैनिटोरियम - नैनी बैंड बाई पास मार्ग का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जिसे करीब 20 दिनों के भीतर सुचारु कर दिया जाएगा। जिससे लोगों को बड़े और छोटे वाहन इस मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं।

कुमाऊं आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने के दिए थे आदेश: भवाली बाईपास सैनिटोरियम से नैनी बैंड भीमताल की ओर स्वीकृत की गयी 7.5 किमी में लगभग 2.5 किमी. का कार्य लम्बे समय से बंद पड़ा था। सितम्बर माह में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने उक्त मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर इस पर शीघ्र काम चालू करने के आदेश दिए थे। कुमाऊं आयुक्त के निर्देशों के बाद लोनिवि की देखरेख बाईपास पर लगातार कार्य चला।

18 साल पहले स्वीकृत हो गया था मार्ग: 2005 में मुख्यमंत्री रहे स्व. एनडी तिवारी के कार्यकाल में यह मार्ग स्वीकृत हो गया था। जिसका बजट करीब 2 करोड़ 50 लाख था। लेकिन उसके बाद लंबे समय तक यह मार्ग बनाने के लिए कोई शासन प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा मार्ग बनाने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की गयी। विगत कुछ वर्षों से स्वीकृत मार्ग को बनाने के लिए सरकार द्वारा कार्य शुरू किया गया। 2005 में स्वीकृति मिलने के भी 18 साल बाद बाईपास मार्ग बनाया गया।

भीमताल रोड स्थित नैनीबैंड से सैनिटोरियम में मिलेगा यह मार्ग

भीमताल, ज्योलीकोट से भवाली पहुंचे वाला मार्ग कुमाऊं को जोड़ता है। साथ ही कैंची धाम, घोड़ाखाल आदि धार्मिक स्थल होने से भवाली में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस कारण लोगों और सवारियों को आने जाने ज्यादा समय और परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब यह मार्ग बनने से लोगों को जाम से निजात मिलेगी। इसमें भीमताल मार्ग से अल्मोड़ा मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों अब मुख्य बाजार होते हुए नहीं बल्कि सैनिटोरियम मार्ग से आवाजाही करनी होगी।

जल्द शुरू होगी वाहनों की आवाजाही: वर्मा

नगर पालिका अध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि नए साल में नगर को नयी सौगत मिलने जा रही है। भवाली बाईपास सैनिटोरियम से नैनी बैंड मार्ग का कार्य पूरा हो गया है। इस मार्ग में जल्द ही वाहनों की आवाजाही शुरू की जाएगी। जिससे नगर में आए दिन आ रही जाम की समस्या से निजात मिलेगा। लोनिवि अधिकारी कमल पाठक द्वारा मार्ग को बनाने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। जल्द ही इस मार्ग में वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।

Next Story