नई टिहरी में बीएआरसी के वैज्ञानिकों ने छात्रों को बताए करियर के अवसर

नई टिहरी: भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) और परमाणु ऊर्जा विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विकास और करियर के अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में बीएआरसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सतेंद्र कुमार और डॉ. दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को परमाणु ऊर्जा विभाग की अनुसंधान गतिविधियों, वैज्ञानिक उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका की जानकारी दी।
वैज्ञानिकों ने इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए उपलब्ध ओरिएंटेशन कोर्स, पात्रता मानदंड, चयन और भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यार्थियों के सवालों का भी जवाब दिया गया।
संस्थान के डीन अकादमिक डॉ. हिमांशु नौटियाल और रजिस्ट्रार डॉ. संजय रावत सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुलक्षणा शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। संस्थान ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।





