श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज, CM धामी ने की बड़ी घोषणाएं

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के श्रीनगर में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले और विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। शहर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने और देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा नगर निगम के नए कार्यालय भवन, पांच प्रयागों में हाईटेक घाटों और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में है। वहीं लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की जानकारी भी दी।
धामी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महापौर आरती भंडारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





