उत्तराखंड

बदरीनाथ हाइवे सात घंटे तक बंद, 3000 श्रद्धालु फंसे, यात्री बेहाल

Dolly
29 Jun 2025 5:03 PM IST
बदरीनाथ हाइवे सात घंटे तक बंद, 3000 श्रद्धालु फंसे, यात्री बेहाल
x
Chamoli चमोली : चमोली जिले में रात को हुई बारिश के दौरान भूस्खलन से बदरीनाथ हाइवे के साथ ही अन्य संपर्क मार्ग शनिवार को घंटों बंद रहे। बदरीनाथ हाईवे पर्थाडीप, क्षेत्रपाल और भनेरपाणी में करीब सात घंटे तक बंद रहा।
ऐसे में यहां करीब 3000 श्रद्धालु फंसे रहे। ऐसे में यात्रियों ने वाहनों में बैठकर ही हाईवे खुलने का इंतजार किया। जबकि चमोली-मंडल-कुंड हाईवे 12 घंटे बाद सुचारु हो पाया। नंदप्रयाग-नंदानगर मार्ग सेरा और थिरपाक में दिनभर बंद रहा। बदरीनाथ हाइवे नंदप्रयाग के समीप पर्थाडीप, क्षेत्रपाल और भनेरपाणी में बंद हो गया जिससे इन जगहों पर बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जा रहे यात्रा वाहनों के पहिए थम गए।
एनएचआईडीसीएल ने सुबह छह बजे से हाईवे को खोलने का काम शुरू किया। क्षेत्रपाल व पर्थाडीप में सुबह 10 बजे तक हाईवे सुचारु कर दिया गया। भनेरपाणी में पहाड़ी से लगातार भूस्खलन होने के कारण बार-बार हाईवे बाधित हो रहा है शनिवार को सुबह करीब पांच बजे यहां हाईवे पर टनों मलबा आ गया था जिससे सड़क के दोनों ओर यात्रा वाहनों की लंबी लाइन लग गई। यहां करीब 3000 श्रद्धालु फंसे रहे।
एनएच की ओर से जेसीबी के जरिए हाईवे खोलने का काम शुरू किया गया। दोपहर करीब 12 बजे हाईवे सुचारु किया जा सका जिसके बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। वहीं डीएम संदीप तिवारी का कहना है कि सड़कों को त्वरित खोलने के लिए पर्याप्त मात्रा में जेसीबी लगाई गई हैं। कार्यदायी संस्थाओं को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story