उत्तराखंड

व्यापारियों को कूड़ेदान बांटकर स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

Admindelhi1
15 Oct 2026 8:41 AM IST
व्यापारियों को कूड़ेदान बांटकर स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
x
कूड़ा इधर-उधर न फेंकें, व्यापारियों को बांटे कूड़ेदान

नई टिहरी: संगम नगरी देवप्रयाग को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद देवप्रयाग ने स्वच्छता अभियान के तहत पहल तेज कर दी है।

शासन के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत नगर क्षेत्र के व्यवसायियों और दुकानदारों को कूड़ेदान वितरित कर कूड़े के वैज्ञानिक व व्यवस्थित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।

बुधवार को पालिकाध्यक्ष ममता देवी ने देवप्रयाग में अभियान के दौरान व्यापारियों को समझाया कि गीले और सूखे कूड़े को एक ही स्थान पर डालने के बजाय अलग-अलग एकत्रित करना स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाता है। जिसके लिए पालिका दुकानदारों को डस्टबिन उपलब्ध करा रही है। अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है।

स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। ममता देवी ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए दुकानदारों और व्यापारियों की भूमिका अहम बताई। कहा कि यदि कूड़े को शुरुआत से ही अलग-अलग एकत्रित किया जाए और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित हो, तो नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह ने कहा कि पर्यावरण मित्रों के सहयोग से नगर को स्वच्छ बनाया जा रहा है। ऐसे में आम जन को भी पालिका का सहयोग करना चाहिए।

Next Story