टिहरी में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान, सीडीओ ने दिलाई शपथ

नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई रैली में विभागीय कर्मचारियों और आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया। सीडीओ ने अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन की शपथ दिलाई।
पीजी कॉलेज नई टिहरी में आयोजित सेमिनार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम ने बाल विवाह निषेध अधिनियम और अधिवक्ता राजपाल मियां ने पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव और प्राचार्य डॉ. प्रीती कुमारी ने समाज के प्रत्येक वर्ग से बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
वहीं, कीर्तिनगर में सीपीडीओ नीतू बधानी के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।





