उत्तराखंड

स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्य के 9 नगर निकायों को अटल निर्मल पुरस्कार

Admin Delhi 1
20 Dec 2022 1:20 PM GMT
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्य के 9 नगर निकायों को अटल निर्मल पुरस्कार
x

देहरादून: स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले निर्मल नगरों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में अटल निर्मल नगर पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया है। इस अवसर पर प्रदेश के 9 निकायों को अटल निर्मल पुरस्कार एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत 5 निकायों को स्वच्छ गौरव सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दून कैंट स्वच्छता चौपाल का लोगो भी लांच किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर चार घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अटल निर्मल नगर पुरस्कार की धनराशि दोगुनी करते हुए 2 करोड़ रुपये होगी, कैंट बोर्ड को भी इसमें सम्मिलित करने के लिए जो प्राविधान होंगे, उसके अनुसार किया जायेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों को भी आवास बन जाने के बाद सामान के लिए 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। केदारनाथ, बद्रीनाथ एवं गंगोत्री में यात्राकाल के दौरान कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को भोजन एवं गरम वर्दी के लिए अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। केंद्रीयत सेवा के कर्मचारियों के पेंशन देयकों के भुगतान हेतु राज्य वित्त आयोग से 1 प्रतिशत की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

इन्हें अटल निर्मल नगर पुरस्कार: अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2022-23 हेतु निकायों का श्रेणीवार चयन स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में किए गए प्रदर्शन के आधार पर किया गया। इसमें नगर निगम देहरादून को प्रथम, नगर निगम रुड़की को द्वितीय एवं नगर निगम ऋषिकेश को तृतीय पुरस्कार मिला। इन निगमों को क्रमशः 20 लाख, 15 लाख एवं 10 लाख रुपये प्रदान किए गए। नगर पालिकाओं में नगर पालिका मुनिकीरेती को प्रथम, नरेन्द्रनगर को द्वितीय एवं डोईवाला को तृतीय पुरस्कार मिला। इन पालिकाओं को क्रमशः 15 लाख, 10 लाख एवं 8 लाख रूपये प्रदान किए गए। नगर पंचायतों में नगर पंचायत नंदप्रयाग को प्रथम, सुल्तानपुर को द्वितीय एवं गूलरभोज को तृतीय पुरस्कार मिला। इन पंचायतों को क्रमशः 10 लाख, 7 लाख एवं 5 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई।

स्वच्छता गौरव सम्मान: स्वच्छता गौरव सम्मान में नगर निगम हरिद्वार को राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले गंगा शहरों में प्रथम स्थान, छावनी परिषद् लण्ढौर को छावनी परिषद् श्रेणी में अधिकतम सिटीजन फीडबैक हेतु प्रथम स्थान, नगर पालिका परिषद् रामनगर को नॉर्थ जोन के 50 हजार से 1 लाख जनसंख्या वाले शहरों में फास्टेस्ट मूवर सिटी पुरस्कार, नगर पालिका परिषद् डोईवाला को नॉर्थ जोन के 15 हजार से कम जनसंख्या वाले शहरों में फास्टेस्ट मूवर सिटी पुरस्कार एवं नगर पालिका परिषद् नरेन्द्र नगर को नॉर्थ जोन के 15 हजार से कम जनसंख्या वाले शहरों में बेस्ट सस्टेनेबल सिटी पुरस्कार प्रदान किया गया।

Next Story