उत्तराखंड

गंगोत्री के कपाट बंद होते ही यहां आ जाती हैं मां गंगा, जानिए मुखवा की महिमा

jantaserishta.com
21 Nov 2026 12:08 PM IST
गंगोत्री के कपाट बंद होते ही यहां आ जाती हैं मां गंगा, जानिए मुखवा की महिमा
x
उत्तराखंड: देवदार के घने जंगलों, कल-कल बहती भागीरथी की मधुर ध्वनि और हिमाच्छादित शिखरों की छांव में उत्तरकाशी का मुखवा (मुखीमठ) किसी अलौकिक स्वप्न जैसा प्रतीत होता है। हर्षिल घाटी के समीप बसा यह शांत और सुरम्य ग्राम प्रकृति के सौंदर्य और सनातन परंपराओं के अद्भुत संगम का साक्षी है।
मुखवा (मुखीमठ) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हर्षिल घाटी के पास स्थित एक पवित्र गांव है, जिसे मां गंगा का शीतकालीन निवास और 'मायका' माना जाता है।मुखवा की यात्रा केवल पहाड़ों की चढ़ाई नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, पारंपरिक पहाड़ी जीवनशैली और अटूट श्रद्धा की जड़ों से जुड़ने का एक अविस्मरणीय अनुभव है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शनिवार को मुखवा (मुखीमठ) की दिव्यता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, "उत्तरकाशी जिले में मौजूद मुखवा (मुखीमठ) आस्था और अध्यात्म का एक दिव्य केंद्र है। श्री गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद परंपरा के अनुसार मां गंगा की पालकी यहां लाई जाती है। हिमालय की गोद में बसा यह पवित्र स्थल मां गंगा और हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अटूट भक्ति का एक बेमिसाल प्रतीक है। जब आप सर्दियों की यात्राओं के दौरान उत्तरकाशी जिले में जाएं, तो इस पवित्र स्थल पर जरूर माथा टेकें और मां गंगा का आशीर्वाद लें।"
सर्दियों में जब भारी बर्फबारी के कारण गंगोत्री धाम के कपाट बंद हो जाते हैं, तब मां गंगा की उत्सव डोली और मूर्ति को पूरे विधि-विधान से मुखवा लाया जाता है। अगले छह महीनों (अक्टूबर/दीपावली के आसपास से अप्रैल/बसंत तक) मां गंगा की पूजा यहीं होती है, इसलिए इसे शीतकालीन चारधाम यात्रा का अहम हिस्सा माना जाता है। गंगोत्री मंदिर के पारंपरिक पुजारी (मुख्यतः सेमवाल ब्राह्मण समुदाय) इसी गांव से आते हैं।
यह गांव भागीरथी नदी और हर्षिल घाटी के करीब स्थित है। चारों ओर देवदार और चीड़ के घने जंगल, सेब के बागान और श्रीकंठ पर्वत जैसी बर्फीली चोटियों के नजारे दिखते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वानप्रस्थ के दौरान पांडव यहां आए थे और मार्कंडेय ऋषि ने तपस्या कर अमरत्व का वरदान पाया था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story