उत्तराखंड

केंद्रीय मंत्रिमंडल में परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान करना एक महत्वपूर्ण कदम: सीएम धामी

jantaserishta.com
28 Nov 2026 1:00 PM IST
केंद्रीय मंत्रिमंडल में परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान करना एक महत्वपूर्ण कदम: सीएम धामी
x
नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान किया जाना देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे संसद में जनप्रतिनिधित्व का विस्तार होगा और विभिन्न क्षेत्रों की जनसमस्याओं एवं जनआकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाने के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि इसके साथ ही वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त होने से हमारी मातृशक्ति को देश की निर्णय-प्रक्रिया में अधिक भागीदारी का अवसर मिलेगा। इससे महिलाएं अपने अधिकारों एवं हितों से जुड़े विषयों को मजबूती से सामने रख सकेंगी और राष्ट्र की नीतियों के निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट में लिखा कि देश की प्रगति में कदम से कदम मिलाकर चल रही हमारी माताओं, बहनों और बेटियों की भागीदारी अब देश के निर्णयों में भी बढ़े, इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को मंजूरी दी है। इनके पारित होने से सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की आनुपातिक वृद्धि और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त होगा। यह देश की करोड़ों महिलाओं के लिए नेतृत्व के नए अवसरों का द्वार खोलेगा। संसद और विधानसभाओं में हमारी बहनों की बढ़ती भागीदारी से उनके सपनों और आकांक्षाओं को भी नई आवाज मिलेगी।
उन्होंने आगे लिखा कि नारी शक्ति के सामर्थ्य और नेतृत्व से विकसित भारत की यात्रा और समृद्ध होगी। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यूनियन कैबिनेट द्वारा परिसीमन बिल पास करने पर पीएम मोदी और यूनियन कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद। मैं उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा के सांसदों से अपील करूंगा कि वे इस बिल का समर्थन करें और 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story