उत्तराखंड

उत्तराखंड में 36 नए नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी मारी बाजी

Admindelhi1
25 Nov 2026 3:29 PM IST
उत्तराखंड में 36 नए नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी मारी बाजी
x
बिना सिफारिश जनता के काम करें अधिकारी, 36 नायब तहसीलदारों को CM धामी का संदेश

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के लिए बुधवार का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और इसे अन्य युवतियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी के साथ नवनियुक्त अधिकारियों को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। उन्हें ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।

धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसे जरूरी दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए नुकसान का सही आकलन किया जाना चाहिए।

धामी ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लें।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Next Story