उत्तराखंड

दहेज की खातिर एक और विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Rani Sahu
23 Sep 2022 11:17 AM GMT
दहेज की खातिर एक और विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
x
किच्छा, देवभूमि उत्तराखंड में महिला उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दहेज की खातिर एक और विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची किच्छा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी दिगपाल सिंह ने अपनी पुत्री किरन कश्यप का विवाह ऊधमसिंह नगर के किच्छा निवासी नरेंद्र कश्यप के साथ किया था। परिजनों के अनुसार तीन वर्ष पूर्व 30 नवंबर 2019 को किरण का विवाह हुआ था।
ससुरालियों की दरिंदगी को बयां करते पिता डिगपाल सिंह और भाई प्रीत कश्यप।
आरोप है कि विवाह के बाद से पति नरेंद्र कश्यप सहित ससुरालियों द्वारा दहेज की मांग करते हुए किरन के साथ मारपीट कर उसका उत्पीड़न किया गया। मृतका के पिता डिगपाल सिंह और भाई प्रीत कश्यप ने आरोप लगाया कि विवाह के दौरान भी नरेंद्र कश्यप ने मांग के बाद दहेज में कार ली थी और लगातार उसकी मांग बढ़ती रही। पिछले महीने 10 अगस्त को मकान बनाने के लिए भी आरोपी नरेंद्र ने पांच लाख की रकम ली थी बावजूद इसके किरन के साथ मारपीट की गई। परिजनों ने बताया कि कई बार पंचायत में नरेंद्र कश्यप ने माफी मांगते हुए किरन के साथ मारपीट ना किए जाने का वादा किया था।
मुरादाबाद से किच्छा पहुंचे किरन के परिजनों ने दामाद नरेंद्र कश्यप सहित ससुरालियों पर किरन की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए किरन की हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना पर पहुंची किच्छा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने दहेज लोभी ससुरालियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। परिजनों की शिकायत पर किच्छा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोर्स- अमृत विचार।
Next Story