देहरादून में अनूप जलोटा के भजनों की गूंज, भक्तिमय हुआ माहौल

देहरादून: प्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा ने उत्तराखंड से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जन्म नैनीताल में हुआ है, इसलिए वह भी उत्तराखंड के हैं। शनिवार को देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज सभागार में भक्तिद्वार टेलीविजन ओटीटी के शुभारंभ समारोह में उन्होंने यह बात कही।
कार्यक्रम में अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजन ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ प्रस्तुत किए। उनकी मधुर आवाज से पूरा सभागार भक्तिमय हो गया। श्रोताओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इससे पहले अनूप जलोटा ने भक्तिद्वार ओटीटी के आगामी शो ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग में भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के जरिए मनुष्य के कर्मों और उनके परिणामों का संदेश दिया जाएगा।
ओटीटी के संस्थापक दिनेश असोपा ने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भजन, धार्मिक कार्यक्रम, आध्यात्मिक सामग्री और सनातन संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। ऐप का मासिक सब्सक्रिप्शन मात्र 11 रुपये निर्धारित किया गया है।
समारोह में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, मधु भट्ट, विनोद उनियाल, अभिनेत्री जया पांडे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।





