उत्तराखंड

देहरादून में अक्षय पात्र की नई पहल, भोजन माताओं को सिखाए स्वच्छता के गुर

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:43 PM IST
देहरादून में अक्षय पात्र की नई पहल, भोजन माताओं को सिखाए स्वच्छता के गुर
x
बच्चों की सेहत से नहीं होगा समझौता, भोजन माताओं को किया जागरूक

देहरादून: स्कूली बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन ने देहरादून में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें भोजन माताओं को खाना बनाने से लेकर सुरक्षित भंडारण और बच्चों को भोजन परोसने तक स्वच्छता के जरूरी नियमों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव और भोजन तैयार करते समय खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। भोजन माताओं को बताया गया कि खाना बनाने में छोटी सी लापरवाही भी बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। इसलिए हर स्तर पर सावधानी बरतना जरूरी है।

कार्यक्रम में सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। भोजन तैयार करने की सुरक्षित प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया, जिसमें भोजन माताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

अक्षय पात्र फाउंडेशन के क्लस्टर हेड वेनतया दास के निर्देशन में डिस्ट्रीब्यूशन हेड किशन दुबे और प्रीति राणा ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर प्रशिक्षण दिया।

फाउंडेशन का उद्देश्य मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाना और स्कूलों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विद्यालय स्टाफ और भोजन माताओं ने इस पहल को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया।

Next Story