उत्तराखंड

AI और ड्रोन तकनीक से मजबूत होगी देश की सुरक्षा: राज्यपाल

Admindelhi1
21 Nov 2026 5:15 PM IST
AI और ड्रोन तकनीक से मजबूत होगी देश की सुरक्षा: राज्यपाल
x
सीमाओं की सुरक्षा में आधुनिक तकनीक अहम, सैन्य अधिकारियों से संवाद

देहरादून: बदलते वैश्विक सुरक्षा हालात के बीच भारतीय सेना के लिए आधुनिक तकनीक और मजबूत सैन्य नेतृत्व बेहद जरूरी हो गया है। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को लोक भवन में हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स (HDMC-22) के प्रतिभागी सैन्य अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन तकनीक राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण आयाम बन रहे हैं।

कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के कमांडेंट एयर वाइस मार्शल जी.के.जे. रेड्डी के नेतृत्व में सैन्य अधिकारी उत्तराखंड के फॉरवर्ड एरिया टूर पर पहुंचे हैं। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाएं देश की संप्रभुता और सुरक्षा की मजबूत प्रहरी हैं। सैनिक सीमाओं की रक्षा के साथ प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राज्यपाल ने तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों में सड़क, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएं बढ़ाना भी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

उन्होंने सैन्य अधिकारियों को अनुशासन, चरित्र, धैर्य और त्वरित निर्णय क्षमता का महत्व बताते हुए कहा कि आधुनिक प्रशिक्षण भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में मददगार साबित होगा। कार्यक्रम में कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के अधिकारी और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story