देहरादून से नैनीताल तक बदले प्रशासनिक चेहरे, 10 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए पांच IAS और पांच PCS समेत कुल 10 अधिकारियों के दायित्व बदल दिए हैं। शुक्रवार को कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची के तहत आईएएस अंशुल सिंह को जिलाधिकारी नैनीताल और दीप्ति सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है। वहीं ललित मोहन रयाल को अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि निधि यादव को खेल एवं युवा कल्याण विभाग में नई जिम्मेदारी मिली है।
PCS अधिकारियों में कृष्ण कुमार मिश्रा को हरिद्वार और वैभव गुप्ता को देहरादून का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ के साथ ADM हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सीमा विश्वकर्मा और सुधीर कुमार की भी नई तैनाती की गई है। आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।





