उत्तराखंड

CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों को चेतावनी

Admindelhi1
18 Nov 2026 5:17 PM IST
CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों को चेतावनी
x
पौड़ी में जनसमस्याओं के समाधान पर जोर, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ताओं को धरातल पर वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय नोडल अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार लंबित मामलों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोमवार को होने वाली जिला स्तरीय बैठक से पहले शिकायतों का अधिकतम निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि बिना संतोषजनक समाधान के किसी भी शिकायत को जबरन बंद नहीं किया जाए। प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित व्यक्ति को दी जाए और उसका विवरण समय से पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

बैठक में पेयजल, सड़क, ग्रामीण विकास और निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। वन्यजीवों से संबंधित मामलों में वन विभाग को प्रभावी कार्रवाई करने तथा पंचायतों को झाड़ियों की कटाई और प्रकाश व्यवस्था के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

इसके अलावा बंदरों को पकड़ने के लिए बजट प्रस्ताव भेजने और खतरा बने पेड़ों के कटान से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में डीएफओ महातिम यादव, एडीएम पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story