अंकिता की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने का आरोप, विनोद आर्य समेत दो पर केस

देहरादून: उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में मृतका की निजी व्हाट्सऐप चैट कथित तौर पर सार्वजनिक करने के आरोप में विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर बुधवार को राजपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
अंकिता की मां सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने 22 नवंबर को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने से उसकी निजता, प्रतिष्ठा और गरिमा को ठेस पहुंची है।
परिजनों के अनुसार, संबंधित व्हाट्सऐप चैट हत्याकांड की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत की थी। इसके बावजूद बाद में इन्हें सार्वजनिक किए जाने का आरोप है।
राजपुर थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद क्षेत्राधिकार के आधार पर मामला हरिद्वार कोतवाली स्थानांतरित कर दिया है। अब हरिद्वार पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।





