पट्टे की जमीन पर कचरा डालने का आरोप, किसान की फसल को नुकसान

हरिद्वार: पथरी क्षेत्र में सरकारी पट्टे की जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। एक किसान ने गांव के प्रधान पति और उसके साथी पर खेत में गंदा कचरा डालकर पूरी फसल बर्बाद करने तथा ट्रैक्टर चलाकर फसल नष्ट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पथरी थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, नसीरपुर कलां निवासी रहीम के पिता रहमत को वर्ष 1985 में गांव के तत्कालीन जिम्मेदार लोगों और प्रधान की ओर से खेती के लिए सरकारी पट्टा आवंटित किया गया था। रहीम इसी जमीन पर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि तीन अक्टूबर को साजिद पुत्र बाबू हसन और साहिब पुत्र शमशाद उसके खेत में पहुंचे और बोई गई फसल पर गांव का गंदा कचरा डाल दिया। इसके बाद फसल पर ट्रैक्टर चला दिया, जिससे पूरी फसल नष्ट हो गई।
रहीम के मुताबिक, जब उसने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि उसे खेत से भगा दिया गया और दोबारा खेत में आने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि चार अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे उसने फोन कर खेत में दोबारा कचरा नहीं डालने की बात कही तो साजिद ने फिर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है कि उसने कहा कि उसे कचरा डालने से रोकने वाला कोई पैदा नहीं हुआ है और जो भी रोकेगा, उसे जमीन में गड़वा देगा।
रहीम का कहना है कि वह कई वर्षों से टीबी की बीमारी से पीड़ित है। खेती ही उसके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। ऐसे में पूरी फसल बर्बाद होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





