उत्तराखंड
देश की सेवा करेगी आस्था नेगी, बनी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट
Gulabi Jagat
23 Sep 2022 4:29 PM GMT

x
आज ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जहां उत्तराखण्ड की बेटियों ने अपनी सफलता की कहानी ना लिखी हों। उत्तराखण्ड की बेटियां हर क्षेत्र में उच्च पदों पर काबिज हैं और अपने हुनर और परिश्रम से अपना नाम रौशन कर रही है। वो कहते हैं ना अगर मन में कुछ करने की ठान लो तो कोई भी चीज़ नामुमकिन नहीं। इसी क्रम में अब एक बार फिर से पौड़ी गढ़वाल जिले के कांडई गांव की निवासी आस्था नेगी सेना के नर्सिंग कोर में कमीशन प्राप्त कर लेफ्टिनेंट बनी हैं। पिता की मौत के बाद शिक्षिका मां ने आस्था का हौंसला नहीं टूटने दिया। उनकी उपलब्धि से गांव कांडई सहित भानियावाला (देहरादून) स्थित उनके घर में खुशी का माहौल है।
बता दें, मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के दुगड्डा ब्लॉक के कांडई गांव निवासी आस्था नेगी को बीते बुधवार दिल्ली के आरआर हॉस्पिटल में आयोजित दीक्षांत समारोह में लेफ्टिनेंट की पदवी से सुशोभित किया गया। वर्तमान में आस्था का परिवार राजधानी देहरादून के भानियावाला में रहता है। आस्था की मां विनीता नेगी वर्तमान में राजकीय हाईस्कूल बुरांशी में शिक्षिका हैं। आस्था की छोटी बहन स्मिता फिजिक्स से बीएससी ऑनर्स की स्टूडेंट हैं जबकि भाई अभिनव ने हाल ही में इंटर पास किया है। वहीं, आस्था के पिता रणवीर सिंह नेगी जनता इंटर कॉलेज बुधोली (यमकेश्वर) में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। इस वर्ष विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान 14/15 फरवरी की रात पौड़ी से गांव लौटते हुए उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिनमें उनकी मौत हो गई थी। इसके बादवजूद भी आस्था ने हौंसला नहीं खोया और परिवार को संभालते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
Next Story