उत्तराखंड

फर्जी दस्तावेज के साथ अग्निवीर भर्ती रैली में पहुंचा बागपत का युवक हुआ गिरफ्तार

Admin Delhi 1
8 Sep 2022 11:46 AM GMT
फर्जी दस्तावेज के साथ अग्निवीर भर्ती रैली में पहुंचा बागपत का युवक हुआ गिरफ्तार
x

पिथौरागढ़ न्यूज़: इन दिनों देशभर के साथ उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती के दौरान युवाओं में गजब का जोश देखने को मिल रहा है। लेकिन सेना का हिस्सा बनने की इस भीड़ में कुछ ऐसे भी दावेदार हैं जो फर्जी दस्तावेजों के जरिए भर्ती स्थल पर पहुंच रहे हैं। हालांकि सेना पुलिस और इंटेलीजेंस की मदद से उनके इरादे सफल नहीं हो पा रहे हैं। बात अगर पिथौरागढ़ की करें तो यहां भी फर्जी दस्तावेजों के साथ कई युवक अग्निवीर बनने के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार के बाद बुधवार शाम को सेना पुलिस ने सत्यापन के दौरान शक होने पर बागपत निवासी युवक को फर्जी दस्तावेजों के साथ धर दबोचा। सेना ने युवक को सिविल पुलिस को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम को अग्निवीर भर्ती के लिए पहुंचे युवकों के एडमिट कार्ड के बार कोड स्कैन किए जा रहे थे। इस दौरान सचिन कुशवाहा निवासी देघाट सरोरागांव, बागपत, उत्तर प्रदेश के प्रवेश पत्र का बार कोड स्कैन किया गया तो अभ्यर्थी के नाम के स्थान पर दूसरा नाम आने पर संदेह हुआ। जिसके बाद मिलट्री इंटेलिजेंस ने उससे अलग से पूछाताछ की तो फर्जी दस्तावेजों की बात सामने आई। आर्मी ने युवक सिविल पुलिस को सौंप दिया है। सोमवार को भी मुनस्यारी के सीमांत गांव नमिक का युवक फर्जी दस्तावेजों के साथ भर्ती के लिए पहुंचा था। ओवरएज होने के कारण उसने भी अपने फर्जी दस्तावेज उत्तर प्रदेश से बनवाए थे।

युवक के पास एक एडमिट कार्ड और तीन आधार कार्ड मिले। जिसमें दो आधार कार्डों के एक ही आधार नम्बर हैं। एक आधार कार्ड में सचिन पुत्र राजेन्द्र सिंह सरोरा बागपत, दूसरे कार्ड में अंकित पुत्र ओम सिंह निवासी काणाधार कनालीछीना नाम पता है तो तीसरे कार्ड में रोहित पुत्र सतीश कुमार शाहाबाद हरदोई, जन्मतिथि 18 अप्रैल 2000 दर्ज है। अन्य आधार कार्डों पर अलग जन्म तिथि है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। युवक को कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।

Next Story