देहरादून के जंगल में मिला महिला का शव, सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध कार

देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला जंगल में मिली अज्ञात महिला की पहचान और घटनास्थल के पास दिखाई दी एक संदिग्ध कार की जानकारी जुटाने में पुलिस लगी है। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव मिले हैं। शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर आशंका है कि हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के लिए शव जंगल में फेंका गया।
पुलिस की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक एवं एफएसएल टीमों ने आसपास से साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने महिला और उसके हाथ पर बने टैटू की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पहचान कराने की अपील की है। जिले के अन्य थानों के साथ आसपास के जिलों और राज्यों में लापता महिलाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
मामले में बिधोली चौकी प्रभारी ने स्वयं वादी बनकर प्रेमनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। विवेचना थानाध्यक्ष प्रेमनगर कर रहे हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
टीमें घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। इसी दौरान 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से गुजरती एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस वाहन की पहचान, उसकी आवाजाही और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से भी जांच की जा रही है।





