हरिद्वार में हंस महाराज की जयंती पर दो दिवसीय जनकल्याण समारोह शुरू

हरिद्वार: योगीराज हंस महाराज की जयंती के अवसर पर शनिवार को कनखल के वैरागी कैंप में दो दिवसीय विशाल जनकल्याण समारोह का शुभारंभ हुआ। हंस ज्योति, ए यूनिट ऑफ हंस कल्चरल सेंटर दिल्ली की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भोले महाराज और माताश्री मंगला के सानिध्य में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम में योगीराज हंस महाराज और माताश्री राजेश्वरी देवी के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। भोले महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन ईश्वर की भक्ति, अच्छे कर्मों और परोपकार के लिए मिला है। उन्होंने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता और जनसेवा का संदेश दिया।
माताश्री मंगला ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड योगीराज हंस महाराज की जन्मभूमि और कर्मभूमि रही है। उन्होंने अपने आध्यात्मिक ज्ञान से देश-विदेश में करोड़ों लोगों को प्रेरित किया। उनके विचार आज भी मानव सेवा और सत्कर्म की राह दिखा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हंस महाराज के विचारों से प्रेरित होकर द हंस फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पेयजल और जैविक खेती सहित कई क्षेत्रों में जनकल्याण के कार्य कर रहा है।
समारोह में विभिन्न तीर्थस्थलों से आए संत-महात्माओं ने सत्संग किया। भजन गायकों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।





