उत्तराखंड

बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए समयबद्ध समाधान जरूरी : पीसी ध्यानी

Admindelhi1
26 Oct 2026 10:30 AM IST
बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए समयबद्ध समाधान जरूरी : पीसी ध्यानी
x
विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें

श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान करने और बकायेदारों से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बिलिंग में गड़बड़ी रोकने के लिए सभी उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर प्राथमिकता से स्मार्ट मीटर लगाए जाएं और नए विद्युत संयोजन देने में अनावश्यक देरी न की जाए।

रविवार को श्रीनगर गढ़वाल में श्रीनगर और टिहरी मंडलों की समीक्षा बैठक में प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत मीटर रीडिंग के आधार पर बिल जारी किए जाएं। खराब मीटरों को प्राथमिकता से बदलने के साथ गलत बिलों में तत्काल संशोधन किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का भी सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निर्धारित समय में निस्तारण करने को कहा।

पीसी ध्यानी ने चेतावनी दी कि नए विद्युत संयोजन देने में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत और बिल पर नजर रख सकेंगे।

इससे पहले प्रबंध निदेशक ने सुबह 7:30 बजे श्रीनगर के रानीहाट स्थित पिटकुल के निर्माणाधीन 132 केवी जीआईएस स्विचिंग सब स्टेशन का निरीक्षण भी किया।

बैठक में मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, मयूर देव सिंह और प्रशांत बहुगुणा सहित टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, कोटद्वार और नैनीडांडा क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता मौजूद रहे।

Next Story