कलियर दरगाह क्षेत्र में मिली लुधियाना की किशोरी, पुलिस ने सुरक्षित घर पहुंचाया

हरिद्वार: उत्तराखंड की पिरान कलियर पुलिस ने पंजाब से बिछड़ी 15 वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को दरगाह क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका संदिग्ध अवस्था में घूमती मिली थी। पुलिस उसे थाने लेकर आई और महिला डेस्क पर बाल कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में पूछताछ की। बालिका ने अपना नाम और लुधियाना निवासी होना बताया, लेकिन वह घर का पूरा पता नहीं बता पा रही थी।
पुलिस ने बालिका की सुरक्षा को देखते हुए उसे महिला डेस्क पर रखा और लुधियाना पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया। जांच में पता चला कि बालिका थाना हैबोवाल क्षेत्र की निवासी है। इसके बाद स्थानीय पुलिस से परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर उनसे बातचीत कराई गई और उन्हें थाने बुलाया गया।
20 नवंबर को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सही-सलामत पाकर परिवार ने पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
इस कार्य में हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान और कांस्टेबल सोफिया की विशेष भूमिका रही।





