उत्तराखंड में 20 नवंबर से विशेष अभियान, मतदाता सूची की होगी गहन जांच

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए निर्वाचन विभाग 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने बूथों की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। नाम, पता और अन्य विवरणों में गड़बड़ी मिलने पर सुधार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। नए मतदाता फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और नाम या पते में सुधार के लिए फार्म-8 भर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा एक ही निर्वाचन क्षेत्र में दो बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता। ऐसी प्रविष्टियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें। किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित बीएलओ के पास आवेदन जमा कराएं।
मतदाता 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, एसडीएम कार्यालयों, तहसीलों और बीएलओ के पास देख सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के वोटर पोर्टल और उत्तराखंड मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी अपना नाम जांच सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने लोगों से मतदाता सूची से जुड़ी सोशल मीडिया की अफवाहों और भ्रामक जानकारियों से बचने की अपील की है।





