उत्तराखंड

दून प्रशासन की नई पहल, ग्रामीणों की शिकायतों पर होगी सीधी सुनवाई

Admindelhi1
22 Oct 2026 9:40 AM IST
दून प्रशासन की नई पहल, ग्रामीणों की शिकायतों पर होगी सीधी सुनवाई
x
ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण के लिए रात्रि चौपाल लगाएगा प्रशासन

देहरादून: देहरादून जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘रात्रि चौपाल’ शुरू की है। इसके तहत बुधवार को रायपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में पहली चौपाल आयोजित की गई।

चौपाल में ग्रामीणों ने सिंचाई की क्षतिग्रस्त नहर, टूटी पुलिया, विद्यालय के जर्जर भवन, धान की फसल में रोग और खरपतवार से नुकसान और सड़क निर्माण के कारण जलभराव जैसी समस्याएं उठाईं। अभिनव शाह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ग्रामीणों ने नहर और पुलिया की मरम्मत, विद्यालय भवन की स्थिति तथा धान की फसल को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। इस पर कृषि विभाग को फसल में रोग और खरपतवार की जांच करने तथा नमूना पंतनगर भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि समस्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

विद्यालय के जर्जर भवन के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और धनराशि मिलने की प्रतीक्षा है।

एक अन्य ग्रामीण ने सड़क निर्माण के कारण घर के पास जल निकासी बाधित होने की शिकायत की। इस पर सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को समन्वय से समस्या का समाधान करने को कहा गया। वहीं, सरखेत के ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय में पेयजल की समस्या उठाए जाने पर मौके पर ही बजट स्वीकृत किया गया।

सीडीओ ने पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण करने तथा मालदेवता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

चौपाल से पहले मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र, राशन की दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का निरीक्षण किया। चौपाल में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी संवाद किया गया। उद्यान विभाग ने किसानों को बीज वितरित किए तथा ग्रामीणों को स्वच्छता और मतदाता जागरूकता के बारे में जानकारी दी।

जिला प्रशासन के अनुसार, रात्रि चौपाल के माध्यम से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, पशुपालन, रोजगार और ग्रामीण पर्यटन से जुड़ी समस्याओं एवं संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं का समाधान करना और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना है।-

Next Story