उत्तराखंड

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, ईको वाहन खाई में गिरा, पांच घायल

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:36 AM IST
उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, ईको वाहन खाई में गिरा, पांच घायल
x
रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा, चालक समेत दो महिलाओं की मौत

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तिलवाड़ा-जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैड के पास आठ लोगों को लेकर जा रहा एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 350 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, दुर्घटना तहसील जखोली के अंतर्गत अर्जुन बैड, कुरछोला-जखनोली के समीप हुई। वाहन में सवार सभी लोग कुरछोला से जखनोली में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने डीडीआरएफ और अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया।

बचाव दल ने खाई में उतरकर मृतकों के शव बाहर निकाले और सड़क तक पहुंचाने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजय सिंह पंवार (44), निवासी कुरछोला, बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35), दोनों निवासी ग्राम तैला के रूप में हुई है। विजय सिंह पंवार वाहन चला रहे थे।

वहीं, घायलों में सतपाल सिंह पंवार, शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजली (26) और सुमीता शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार, दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली और एक घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों के साथ हुई इस दुर्घटना से संबंधित परिवारों में शोक का माहौल है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने राहत कार्य में सहयोग किया।

Next Story