गुरुकुल कांगड़ी में होगा ऐतिहासिक आयोजन, स्वामी रामदेव करेंगे अध्यक्षता

हरिद्वार: स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक सुधार और भारतीय शिक्षा पद्धति को नई दिशा देने वाले महात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी पर हरिद्वार में विशेष आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 19 और 20 दिसंबर को कांगड़ी गुरुकुल में आयोजित होने वाले दो दिवसीय समारोह में देशभर से आर्य समाज के संन्यासी, शिक्षाविद, विद्वान और कार्यकर्ता जुटेंगे। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य स्वामी श्रद्धानंद के योगदान को याद करने के साथ ही उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाना होगा।
समारोह की अध्यक्षता योगगुरु स्वामी रामदेव करेंगे। सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश का विशेष सान्निध्य रहेगा, जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को आयोजन का मुख्य संयोजक बनाया गया है। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में शुक्रवार को गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर में आर्य समाज उत्तराखंड के सक्रिय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। स्वामी आर्यवेश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दो दिवसीय समारोह की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक के मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने गुरुकुलीय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुरुकुलों को भी अन्य सरकारी शिक्षण संस्थानों के समान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए गुरुकुलीय शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना आवश्यक है।
स्वामी यतीश्वरानंद ने स्वतंत्रता आंदोलन में स्वामी श्रद्धानंद के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके बलिदान की शताब्दी पर आयोजित होने वाला समारोह ऐतिहासिक होगा। उन्होंने बताया कि आयोजन में केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा। समारोह के माध्यम से स्वामी श्रद्धानंद के विचारों और उनके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाया जाएगा।
सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति के विकल्प के रूप में गुरुकुलीय शिक्षा व्यवस्था को स्थापित किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण को शिक्षा का महत्वपूर्ण आधार बनाया। स्वामी श्रद्धानंद का जीवन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है।
स्वामी आर्यवेश ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ऐसे महान व्यक्तित्व को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि दिसंबर में आयोजित होने वाले समारोह के माध्यम से स्वामी श्रद्धानंद को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग व्यापक स्तर पर उठाई जाएगी।
दो दिवसीय आयोजन में आर्य समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है। स्वामी आर्यवेश के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों से हजारों आर्यजन हरिद्वार पहुंच सकते हैं। समारोह में आर्य समाज के संन्यासी, गुरुकुलों के आचार्य, विद्वान, भजनोंपदेशक और युवा संगठनकर्ता शामिल होंगे।
सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, शिक्षा, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
महात्मा कृष्ण मुनि ने भी आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया। शत्रुघ्न मौर्य ने कहा कि समारोह में कुमाऊं क्षेत्र से बड़ी संख्या में आर्यजनों की भागीदारी रहेगी। बैठक के समापन पर स्वामी विरक्तदेव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
बैठक में आचार्य धनंजय, शत्रुघ्न मौर्य, मानपाल सिंह राठी, हाकम सिंह आर्य, तेलूराम आर्य, स्वामी मेधानंद, महात्मा कृष्ण मुनि, आचार्य सविता, स्वामी सुरेंद्रानंद और स्वामी विरक्तदेव उपस्थित रहे। इसके अलावा कामेंद्र आर्य, ओमप्रकाश मलिक, दिनेश आर्य, धर्मेंद्र आर्य, अवनीश आर्य और दीपक आर्य सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने बैठक में सहभागिता की।
स्वामी श्रद्धानंद की बलिदान शताब्दी पर आयोजित होने वाले इस समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आयोजन में उनके स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक सुधार और गुरुकुलीय शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद किया जाएगा। इसके साथ ही गुरुकुलों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और स्वामी श्रद्धानंद को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।





