उत्तराखंड

पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी से भड़का विवाद, जानलेवा हमला

Admindelhi1
10 Nov 2026 5:52 PM IST
पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी से भड़का विवाद, जानलेवा हमला
x
पत्नी को लेकर टिप्पणी पर बवाल, जानलेवा हमले की घटना

हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार की रामगढ़ नई बस्ती में पत्नी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले गया। आरोप है कि सुबह घर से बाहर निकले आकाश पर पड़ोस में रहने वाले करीब आधा दर्जन युवकों ने लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आने का दावा किया गया है। पिता ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे हमलावरों के चंगुल से बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया।

पीड़ित आकाश निवासी रामगढ़ नई बस्ती ने बताया कि वह बड़ा बाजार स्थित एक किताबों की दुकान पर काम करता है। उसके अनुसार, बीती रात उसकी पत्नी बाजार में सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उसकी पत्नी पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी।

आकाश का आरोप है कि अगली सुबह जैसे ही वह घर से बाहर निकला, पड़ोस में रहने वाले युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि चंदा ने पीछे से उस पर डंडे से हमला किया, जबकि आनंद, अंकुर और ऋषभ समेत अन्य युवकों ने भी उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ तलवार से भी हमला किया, जिससे उसे चोटें आईं।

आकाश ने बताया कि हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह खुद को बचा नहीं पा रहा था। इसी दौरान उसके पिता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से बचाया। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Next Story