उत्तराखंड

घुटनों के बल 2400 KM की शिव भक्ति यात्रा, हरपाल नाथ की तपस्या ने किया सबको हैरान

Saba Naaz
28 July 2026 9:00 PM IST
घुटनों के बल 2400 KM की शिव भक्ति यात्रा, हरपाल नाथ की तपस्या ने किया सबको हैरान
x

उत्तराखंड: सावन के पवित्र महीने में देशभर में भगवान शिव की भक्ति के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कोई पैदल कांवड़ लेकर शिवधाम पहुंच रहा है तो कोई कठिन तपस्या और संकल्प के साथ अपनी आस्था प्रकट कर रहा है। इसी बीच मेरठ निवासी 53 वर्षीय हरपाल नाथ अपनी अनोखी कांवड़ यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। हरपाल नाथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर नेपाल के काठमांडू स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर तक करीब 2400 किलोमीटर की यात्रा घुटनों के बल कर रहे हैं।

हरपाल नाथ का कहना है कि यह यात्रा उन्होंने किसी व्यक्तिगत मनोकामना या सांसारिक इच्छा के लिए नहीं, बल्कि भगवान शिव की सेवा और पशुपतिनाथ मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक करने के संकल्प के लिए शुरू की है। उनका लक्ष्य हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर नेपाल पहुंचना और भगवान शिव को समर्पित करना है। अनुमान है कि इस कठिन यात्रा को पूरा करने में करीब 411 दिन का समय लगेगा।

हरपाल नाथ के अनुसार, आमतौर पर श्रद्धालु कांवड़ यात्रा के दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, बीमारी से मुक्ति या किसी अन्य मनोकामना के लिए भगवान शिव की आराधना करते हैं। लेकिन उनकी यात्रा का उद्देश्य केवल भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण है। उन्होंने कहा कि कठिन रास्ता चुनना उनके लिए तपस्या और भक्ति का माध्यम है और भगवान शिव की कृपा से ही उन्हें इस यात्रा को पूरा करने की शक्ति मिल रही है।

इस कठिन यात्रा में हरपाल नाथ अपने शरीर से एक छोटी ट्राली बांधकर चल रहे हैं। इस ट्राली में वह गंगाजल, कपड़े, दवाइयां और यात्रा के लिए जरूरी सामान रखते हैं। घुटनों के सहारे धीरे-धीरे आगे बढ़ते हरपाल को देखकर रास्ते में लोग रुक जाते हैं और उनकी भक्ति को देखकर हैरान रह जाते हैं। कई लोग उनका स्वागत करते हैं और सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

हरपाल नाथ की यह पहली कठिन कांवड़ यात्रा नहीं है। इससे पहले भी वह हरिद्वार से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र तक करीब 1800 किलोमीटर की कठिन यात्रा पूरी कर चुके हैं। यह उनकी लगातार तीसरी विशेष कांवड़ यात्रा है, जिसमें वह शारीरिक कष्ट सहते हुए भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।

हरपाल नाथ ने बताया कि उनकी यात्रा हरिद्वार से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों से होते हुए नेपाल पहुंचेगी। रास्ते में आने वाली परेशानियों के बावजूद उनका विश्वास मजबूत है। उनका कहना है कि भक्ति और आस्था के आगे कठिनाइयां छोटी हो जाती हैं। भगवान शिव में विश्वास ही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

हरिद्वार में उत्तराखंड पुलिस ने भी अपने डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हरपाल नाथ की यात्रा का वीडियो साझा किया है। उनकी अनोखी शिवभक्ति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सावन के इस पावन अवसर पर हरपाल नाथ की यह यात्रा आस्था, धैर्य और समर्पण की एक अनोखी मिसाल पेश कर रही है।

Next Story