
x
किच्छा। पुलभट्टा थाना अंतर्गत सिरौली कला क्षेत्र में पुलिस टीम ने औचक छापामार कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित गो मांस बरामद कर लिया। पुलिस की कार्यवाही के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने गृह स्वामी की पत्नी एवं दो पुत्रियों सहित आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ गो संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एसआई पवन जोशी, कांस्टेबल ललित चौधरी, कांस्टेबल धर्मवीर सिंह, कांस्टेबल महेंद्र सिंह की टीम ने सूचना के आधार पर थाना अंतर्गत सिरौली कला क्षेत्र में औचक छापा मार कार्यवाही की। पुलिस टीम ने वार्ड 18, सिरौली कला निवासी नियामा के घर में दबिश देकर करीब 70 किलो प्रतिबंधित गो मांस बरामद कर कब्जे में ले लिया।
पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मकान स्वामी नियामा, उसकी पत्नी शुगरा बेगम, पुत्र लईक उर्फ बंदा एवं शरीफ, पुत्री नेहा एवं निशा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Admin4
Next Story